9 महीनों में 95000 तक जा सकता है बीएसई सेंसेक्स, मॉर्गन स्टेनली का बड़ा दावा
मुंबई-पिछले 6 महीने में सेंसेक्स 6 फीसदी से ज्यादा लुढ़क गया है। वहीं ग्लोबल ब्रोकरेज मॉर्गन स्टेनली (Morgan Stanley) ने इसमें तेजी को लेकर बड़ा दावा किया है। मॉर्गन स्टेनली के रणनीतिकार रिधम देसाई (Ridham Desai) ने अनुमान जताया है कि बीएसई सेंसेक्स दिसंबर 2026 तक 95,000 के स्तर को छू सकता है।
ब्रोकरेज के बेस केस में सेंसेक्स का टारगेट 95,000 रखा गया है, जो 8 अप्रैल के 77,563 के स्तर से करीब 22% ऊपर है। रिपोर्ट के मुताबिक मौजूदा वैल्यूएशन और पिछला प्रदर्शन बाजार को बड़ी तेजी के लिए तैयार दिखा रहा है। देसाई के अनुसार, भारतीय शेयर बाजार दशकों के अपने सबसे खराब दौर में से एक से गुजर चुका है और अब यह एक लंबी छलांग के लिए पूरी तरह तैयार है।
रिपोर्ट में उन कारणों का जिक्र किया गया है जो सेंसेक्स को 95,000 तक ले जा सकते हैं। इसमें सस्ता मूल्यांकन है। वित्त वर्ष 2028 तक कंपनियों के मुनाफे में सालाना 17% की बढ़ोतरी की उम्मीद है।पिछले कुछ महीनों में विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी कम हुई है, जिससे अब बड़े निवेश की गुंजाइश बढ़ गई है।सरकारी खर्च और निजी निवेश में बढ़ोतरी से वित्तीय और औद्योगिक सेक्टर को मजबूती मिल रही है।
मॉर्गन स्टेनली ने बाजार की परिस्थितियों के आधार पर तीन संभावित परिदृश्य (Scenarios) बताए हैं। बेस केस में सेंसेक्स 95,000 तक जा सकता है। यह तब होगा जब सरकारी नीतियां स्थिर रहें। सालाना अर्निंग ग्रोथ 17% हो और कच्चा तेल सामान्य कीमत पर रहे। तेजी के मामले मेंसेंसेक्स 1,07,000 तक जा सकता है। यह तब होगा अगर कच्चा तेल 70 डॉलर से नीचे रहता है।
ब्रोकरेज ने घरेलू सेक्टर्स पर ज्यादा भरोसा जताया है। इनमें ये प्रमुख हैं:
- बैंकिंग और फाइनेंशियल्स
- ऑटो और इंडस्ट्रियल्स
- कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी
- एनर्जी, मटेरियल्स और यूटिलिटीज सेक्टर को कम प्राथमिकता दी गई है।

