बजाज हाउसिंग के शेयरों में आ सकती है भारी तेजी, लॉक इन पीरियड होगा खत्म
मुंबई- बजाज हाउसिंग फाइनेंस के निवेशकों के लिए सोमवार, 13 अप्रैल काफी अहम होने वाला है। इस दिन कंपनी के शेयरों पर लगा एक और लॉक-इन पीरियड खत्म हो जाएगा। इससे बड़ी संख्या में शेयर बाजार में ट्रेडिंग के लिए खुल जाएंगे।
Nuvama Alternative & Quantitative Research के मुताबिक, कंपनी के करीब 25% शेयर यानी लगभग 210 करोड़ शेयर 13 अप्रैल से ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। मौजूदा कीमत के हिसाब से इनकी वैल्यू करीब 17,742.9 करोड़ रुपये बैठती है। इसका मतलब यह नहीं है कि इतने सारे शेयर एक साथ बिक जाएंगे। इसका मतलब सिर्फ इतना है कि अब ये शेयर बेचने के लिए उपलब्ध हो जाएंगे, असली बिकवाली निवेशकों के फैसले पर निर्भर करेगी।
दिसंबर तिमाही के अंत तक Bajaj Finance के पास कंपनी में 86.7% हिस्सेदारी थी। यानी प्रमोटर का कंट्रोल अभी भी काफी मजबूत बना हुआ है। बजाज हाउसिंग का बिजनेस भी मजबूत ग्रोथ दिखा रहा है। Q4 में ग्रॉस डिस्बर्समेंट 23% बढ़कर 17,530 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल 14,254 करोड़ रुपये था।
बजाज हाउसिंग के शेयरों की चाल उतनी मजबूत नहीं रही है। कंपनी का शेयर सितंबर 2024 में 70 रुपये के इश्यू प्राइस पर आया था और लिस्टिंग के बाद 188.5 रुपये तक पहुंचा। लेकिन अब यह अपने उस हाई से करीब 56% नीचे आ चुका है।
गुरुवार को बजाज हाउसिंग का शेयर करीब 0.8% गिरकर 83.84 रुपये पर बंद हुआ। यह अब अपने IPO प्राइस 70 रुपये के करीब पहुंचता दिख रहा है। लॉक-इन खत्म होना एक बड़ा ट्रिगर है। इससे शेयरों की सप्लाई बढ़ सकती है और शॉर्ट टर्म में दबाव बन सकता है।
3 साल में पहली बार शेयर बायबैक की तैयारी में विप्रो, 16 अप्रैल को होगा फैसला
मुंबई- आईटी सर्विस कंपनी Wipro ने संकेत दिया है कि वह एक बार फिर अपने निवेशकों को बड़ा रिटर्न देने की तैयारी में है। कंपनी 16 अप्रैल को होने वाली बोर्ड मीटिंग में शेयर बायबैक पर विचार करेगी, जहां मार्च तिमाही (Q4) के नतीजों पर भी चर्चा होगी।
यह करीब तीन साल में पहला मौका है जब Wipro बायबैक पर विचार कर रही है। इससे पहले जून 2023 में कंपनी ने 12,000 करोड़ रुपये का बड़ा शेयर बायबैक किया था। 2023 में विप्रो ने 22 जून से 30 जून के बीच 26.96 करोड़ शेयर, यानी कुल इक्विटी का 4.91% हिस्सा, 445 रुपये प्रति शेयर के भाव पर वापस खरीदा था। यह कीमत दिसंबर 2024 में हुए 1:1 बोनस इश्यू के हिसाब से एडजस्ट नहीं है।
ब्रोकरेज फर्म Investec के मुताबिक, Wipro के पास इस समय करीब 41,000 करोड़ रुपये का नेट कैश है, जो कंपनी की कुल मार्केट वैल्यू का करीब 20% है। पिछली बार बायबैक के समय यह आंकड़ा करीब 28,000 करोड़ रुपये था। अगर कंपनी पिछली तरह ही करीब 20.4% फंड का इस्तेमाल करती है, तो इस बार करीब 16,000 करोड़ रुपये तक का बायबैक हो सकता है।
ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी का स्टॉक FY27 और FY28 के लिए 7.5% से 8% तक का फ्री कैश फ्लो यील्ड दे सकता है, जो निवेशकों के लिए आकर्षक माना जाता है। Wipro का यह कदम निवेशकों के लिए अहम हो सकता है। मजबूत कैश पोजिशन और बायबैक की संभावना यह संकेत देती है कि कंपनी शेयरधारकों को बेहतर रिटर्न देने पर फोकस बनाए हुए है।

