फ्लैक्सीकैप फंड्स में निवेशकों का बढ़ा जमकर भरोसा, झोंके 79,159 करोड़ रुपये

मुंबई- शेयर बाजार में जब उतार-चढ़ाव निवेशकों की धड़कनें बढ़ा रहा है, तब फ्लेक्सी कैप फंड्स ने फिर साबित कर दिया है कि क्यों इन्हें भरोसे का ‘किंग’ कहा जाता है। वित्त वर्ष 2026 में इस कैटेगरी ने निवेशकों को सबसे ज्यादा लुभाया और इक्विटी म्युचुअल फंड्स की 11 सब-कैटेगरी में अपना दबदबा कायम रखा। एसोसिएशन ऑफ म्युचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के आंकड़ों के मुताबिक, फ्लेक्सी कैप फंड्स में FY26 के दौरान कुल 79,159 करोड़ रुपये का जबरदस्त निवेश आया।

वित्त वर्ष 2026 में फ्लेक्सी कैप फंड्स में निवेश का ट्रेंड पूरे साल मजबूत बना रहा, हालांकि इसमें समय-समय पर उतार-चढ़ाव भी दिखा। साल की शुरुआत अप्रैल में 5,541 करोड़ रुपये से हुई, जिसके बाद मई में थोड़ी सुस्ती आई, लेकिन जून से निवेश फिर रफ्तार पकड़ता गया। जुलाई से अक्टूबर के बीच लगातार मजबूत इनफ्लो देखने को मिला, जो अक्टूबर में 8,928 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

नवंबर में हल्की गिरावट आई, लेकिन दिसंबर में निवेश उछलकर 10,019 करोड़ रुपये के साल के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। नए साल में जनवरी और फरवरी में कुछ नरमी जरूर दिखी, फिर भी इनफ्लो 6,000 करोड़ रुपये से ऊपर बना रहा। कुल मिलाकर 79,159 करोड़ रुपये का निवेश यह दिखाता है कि बाजार की अस्थिरता के बावजूद निवेशकों का भरोसा फ्लेक्सी कैप फंड्स पर लगातार कायम रहा।

फ्लेक्सी कैप फंड्स पर निवेशकों का भरोसा लगातार मजबूत होता दिख रहा है। इस कैटेगरी में बढ़ता इनफ्लो खुद इसकी बढ़ती लोकप्रियता और निवेशकों के भरोसे की गवाही दे रहा है। इसकी एक बड़ी वजह इनका लचीलापन (flexibility) है। ये फंड बड़े (large cap), मिड (mid cap) और छोटे (small cap) शेयरों में बाजार की स्थिति के हिसाब से निवेश करते हैं, जिससे जोखिम संतुलित रहता है और बेहतर रिटर्न की संभावना बनती है। फंड मैनेजर के पास पूरी आजादी होती है कि वह बदलते बाजार के हिसाब से पोर्टफोलियो को एडजस्ट कर सकते है।

इस कैटेगरी में लगातार मजबूत निवेश का सीधा असर इसके AUM पर भी साफ नजर आया। वित्त वर्ष 2026 के दौरान इक्विटी-ओरिएंटेड स्कीम्स में फ्लेक्सी कैप फंड्स ने AUM ग्रोथ के मामले में सबसे तेज रफ्तार दिखाई। AMFI के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल 2025 में इन फंड्स का AUM करीब 4.54 लाख करोड़ रुपये था, जो फरवरी 2026 तक बढ़कर 5.53 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *