दो दिन में रिलायंस के मार्केट कैप में एक लाख करोड़ की चपत, 6 प्रतिशत गिरा शेयर
मुंबई- देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में दो दिन में करीब 6 फीसदी गिरावट आई है। इससे कंपनी के मार्केट कैप में करीब 1 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है। सोमवार को करीब चार फीसदी गिरकर 1290 रुपये पर आ गया। इससे मार्केट कैप 18 लाख करोड़ रुपये से नीचे आ गया। शेयर बाजार में तेजी के बावजूद कंपनी के शेयरों में गिरावट आई है।
रिलायंस का शेयर बीएसई पर शुक्रवार को 1351 रुपये पर बंद हुआ था और सोमवार को यह 1351.60 रुपये पर खुला। कारोबार के दौरान यह 1290 रुपये तक लो और 1360.80 रुपये तक हाई गया। इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 1,611.20 रुपये और न्यूनतम स्तर 1,115.55 रुपये है। इस साल यह शेयर अब तक 18 फीसदी गिर चुका है।
सरकार ने डीजल और एटीएफ के एक्सपोर्ट पर फिर से विंडफॉल टैक्स लगा दिया था। इससे रिलायंस के शेयरों में गिरावट आई थी क्योंकि यह देश में पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स का एक्सपोर्ट करने वाली प्रमुख कंपनी है। जामनगर में रिलायंस की दो रिफाइनरीज से करीब 5 मिलियन टन एटीएफ का उत्पादन होता है जिसका एक बड़ा हिस्सा एक्सपोर्ट होता है। भारत में एटीएफ के कुल उत्पादन में रिलायंस की एक चौथाई हिस्सेदारी है।

