सेंसेक्स-निफ्टी में 6 साल की सबसे बड़ी मासिक गिरावट, और गिरेगा शेयर बाजार
मुंबई- भारतीय शेयर बाजार के लिए मार्च का महीना बेहद निराशाजनक साबित हुआ। सेंसेक्स और निफ्टी में पिछले छह सालों, यानी मार्च 2020 के बाद की सबसे बड़ी मंथली गिरावट देखने को मिली। महीने के आखिरी कारोबारी दिन 30 मार्च को भी बाजार में भारी बिकवाली रही। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी 2% से ज्यादा टूटकर बंद हुए।
सोमवार को कारोबार के अंत में 1,635.67 अंक यानी 2.22% गिरकर 71,947.55 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 488.20 अंक यानी 2.14% टूटकर 22,331.40 के स्तर पर आ गया। यह अप्रैल 2025 के बाद का निफ्टी का सबसे निचला स्तर है।
मार्च 2026 बाजार के लिए पिछले 6 सालों का सबसे खराब महीना साबित हुआ। निफ्टी-50 में इस दौरान 11.3% की गिरावट आई। वहीं बैंक निफ्टी इंडेक्स इस महीने 16.94% तक टूट गया। मार्च तिमाही में निफ्टी 14.54% और बैंक निफ्टी 15.62% गिरा, जो कोविड काल (2020) के बाद का सबसे खराब प्रदर्शन है।
इस बीच भारतीय करेंसी भी दबाव में रही। रुपया पहली बार 95 के स्तर को पार करते हुए 95.12 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, बाद में कुछ रिकवरी के साथ यह 94.83 प्रति डॉलर पर लगभग स्थिर बंद हुआ। कमजोर रुपया विदेशी निवेशकों के लिए जोखिम बढ़ाता है और इससे बाजार में और बिकवाली का दबाव बन सकता है।

