मनी गेमिंग वाली कंपनी ड्रीम11 अब उतरेगी स्टॉक ब्रोकिंग में, यह है इसकी योजना
मुंबई- स्पोर्ट्स एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म Dream11 की पेरेंट कंपनी Dream Sports अब स्टॉक ब्रोकिंग मार्केट में उतरने की तैयारी कर रही है। कंपनी Dream Street नाम से नया ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म लॉन्च करने वाली है। इसका मकसद देश में तेजी से बढ़ रहे रिटेल निवेशकों को अपने प्लेटफॉर्म से जोड़ना है।
Dream Sports के CEO हर्ष जैन ने कहा, कंपनी को इस कारोबार के लिए सभी जरूरी लाइसेंस मिल चुके हैं। फिलहाल प्रोडक्ट की टेस्टिंग कंपनी के अंदर चल रही है और जल्द ही इसे आम निवेशकों के लिए लॉन्च किया जा सकता है। Dream Sports के पास 25 करोड़ से ज्यादा रजिस्टर्ड यूजर्स हैं। इतना बड़ा यूजर बेस कंपनी को अपने नए फाइनेंशियल सर्विस प्रोडक्ट्स को क्रॉस-सेल करने में मदद कर सकता है।
Dream Street को खासतौर पर टियर-2 और टियर-3 शहरों के निवेशकों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। इसमें AI आधारित पर्सनलाइज्ड इनवेस्टमेंट टूल्स दिए जाएंगे, जो निवेशकों को बेहतर फैसले लेने में मदद करेंगे। हर्ष जैन का कहना है कि आज बाजार में लगभग 90 प्रतिशत लोग निवेश में पैसा खो देते हैं, क्योंकि उन्हें सही और व्यक्तिगत सलाह नहीं मिलती। ज्यादातर प्लेटफॉर्म उन 10 प्रतिशत लोगों पर ध्यान देते हैं जो मुनाफा कमाते हैं और प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहते हैं।
उनके मुताबिक AI की मदद से कंपनी ऐसे निवेशकों की भी मदद करना चाहती है जो निवेश को लेकर हिचकते हैं। साथ ही जिन निवेशकों को नुकसान होता है, उन्हें ऐसा अनुभव देने की कोशिश होगी जैसे उनके पास Goldman Sachs, Morgan Stanley या JP Morgan जैसे बड़े संस्थानों के एनालिस्ट हर समय उनकी मदद के लिए मौजूद हों।
Dream Sports के चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर राहुल मीरचंदानी इस नए ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म को लीड करेंगे और इसके CEO होंगे। उनके साथ Dream11 के प्रोडक्ट लीडर्स करण बंसल और निखिल लालवानी को-फाउंडर के रूप में काम करेंगे। इसमें करण बंसल चीफ बिजनेस ऑफिसर (CBO) और निखिल लालवानी चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर (CPO) की भूमिका निभाएंगे।

