इस शेयर में मिल सकता है 40 पर्सेंट रिटर्न, 19 एनालिस्टों की खरीदने की सलाह

मुंबई- ब्रोकरेज फर्म UBS ने लॉजिस्टिक्स कंपनी Delhivery Ltd. के शेयर को खरीदने की सलाह दी है। ब्रोकरेज ने कहा कि कंपनी के सामने जो चुनौतियां पहले थीं, वे अब काफी हद तक पीछे छूट चुकी हैं। अब कंपनी का फोकस मुनाफे के साथ स्थिर ग्रोथ पर है।

UBS ने Delhivery के शेयर के लिए 600 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। यह लक्ष्य मंगलवार के बंद भाव के मुकाबले करीब 40 प्रतिशत अधिक है। UBS का टारगेट किसी भी ब्रोकरेज का Delhivery के लिए दूसरा सबसे बड़ा टारगेट है। इससे ज्यादा 620 रुपये का टारगेट ब्रोकरेज फर्म Elara ने दिया है।

UBS के अनुसार, पिछले कुछ समय में Delhivery को तीन बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा था। इनमें क्विक कॉमर्स और ई कॉमर्स वॉल्यूम पर दबाव, कंपनी के बड़े ग्राहक Meesho द्वारा लॉजिस्टिक्स सेवाओं को खुद संभालने की कोशिश, और प्राइवेट इक्विटी से समर्थित लॉजिस्टिक्स कंपनियों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा शामिल थी।

ब्रोकरेज का कहना है कि अब इन तीनों चुनौतियों का असर काफी हद तक कम हो चुका है। ऐसे में कंपनी के लिए हालात पहले से बेहतर दिख रहे हैं। Meesho को लेकर UBS का मानना है कि कंपनी के लिस्ट होने और मुनाफे पर बढ़ते दबाव के बाद लॉजिस्टिक्स को खुद संभालने की रणनीति या तो वापस ली जा सकती है या स्थिर हो सकती है। इससे Delhivery के कारोबार पर पड़ने वाला दबाव कम हो सकता है।

Delhivery को कुल 23 एनालिस्ट्स कवर करते हैं। इनमें से 19 ने शेयर को खरीदने की सलाह दी है। एक ने बेचने की सलाह दी है। एनालिस्ट्स के औसत टारगेट के आधार पर इस शेयर में मौजूदा स्तर से करीब 22 प्रतिशत की संभावित तेजी मानी जा रही है। Delhivery के शेयर बुधवार को 2.65% की बढ़त के साथ 430 रुपये पर बंद हुए। हालांकि, इसके बावजूद यह शेयर अभी भी अपने आईपीओ प्राइस 487 रुपये से करीब 12% नीचे ट्रेड कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *