दीपक पारेख कर सकते हैं हस्तक्षेप, एचडीएफसी बैंक की इमेज की जमकर पिटाई
मुंबई- एचडीएफसी बैंक में पार्टटाइम चेयरमैन और एमडी के बीच मचे घमासान के बाद एचडीएफसी बैंक की इमेज की जमकर पिटाई हो रही है। चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती के जाने के बाद अब बैंक को नए सिरे से संभालना होगा।
सूत्रों के मुताबिक, बैंक के बोर्ड और चेयरमैन के बीच लंबे समय से गहमागहमी चल रही थी। खासकर चक्रवर्ती और एमडी शशिधर जगदीशन के बीच। कहा जाता है कि शशिधर के कारण चक्रवर्ती को इस्तीफा देना पड़ा। कुछ ऐसी गतिविधियां थीं, जिसका चक्रवर्ती लगातार विरोध कर रहे थे लेकिन जगदीशन उनकी सुनने को तैयार नहीं थे।
सूत्रों के मुताबिक, बैंक की इमेज पर लगे इस दाग को हटाने के लिए अब दीपक पारेख कुछ बात कर सकते हैं। दीपक पारेख के कार्यकाल में शुरू इस संस्थान ने भारत में बैंकिंग सेक्टर को बदल दिया। उनके कार्यकाल में बैंक देश का सबसे बड़ा बैंक बन गया। सूत्रों ने कहा कि इस संबंध में बोर्ड पर पारेख की नजर है और हो सकता है कि बोर्ड पारेख से बात करे।
गौरतलब है कि नए अध्यक्ष केकी मिस्त्री से लेकर बैंक में वरिष्ठ अधिकारी दीपक पारेख के समय के ही हैं। ऐसे में दीपक पारेख की योजनाओं को मजबूती से लागू करने और उनका पालन करने के लिए बोर्ड के सदस्य उनसे मिल सकते हैं।

