‘एयरोप्लेन’ चावल वाली कंपनी का IPO 24 को खुलेगा, प्राइस बैंड 201-212 रुपये
मुंबई- एयरोप्लेन ब्रांड से बासमती चावल बेचने वाली कंपनी अमीर चंद जगदीश कुमार एक्सपोर्ट्स का आईपीओ 24 से 27 मार्च तक खुला रहेगा। कंपनी ने इस इश्यू के लिए ₹201 से ₹212 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। कंपनी का प्लान ₹440 करोड़ जुटाने का है।
कंपनी ने आईपीओ के लिए 70 शेयरों का लॉट साइज तय किया है। यानी ऊपरी प्राइस बैंड ₹212 के हिसाब से निवेशकों को कम से कम ₹14,840 का निवेश करना होगा। 50% हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए, 15% नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) के लिए और 35% हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए रिजर्व रखा गया है।
आईपीओ की इस रकम का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए होगा। 31 दिसंबर 2024 को खत्म हुई 9 महीने की अवधि में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू ₹1,421.3 करोड़ रहा है। इस दौरान कंपनी ने ₹48.77 करोड़ का नेट प्रॉफिट कमाया है। प्री-आईपीओ राउंड के बाद कंपनी की वैल्यूएशन करीब ₹1,877 करोड़ आंकी गई है। लिस्टिंग के बाद कंपनी का मार्केट कैप ₹2,195 करोड़ से ज्यादा होने का अनुमान है।
अमीर चंद जगदीश कुमार एक्सपोर्ट्स मुख्य रूप से बासमती चावल की प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट का काम करती है। बाजार में इसका मुकाबला ‘इंडिया गेट’ ब्रांड वाली कंपनी KRBL लिमिटेड, ‘दावत’ वाली LT फूड्स और सर्वेश्वर फूड्स जैसे बड़े नामों से है। चावल के अलावा कंपनी अब FMCG सेक्टर में भी हाथ आजमा रही है।

