इस ऑटो शेयर में 38 पर्सेंट मुनाफे की है उम्मीद, देखिए इसकी अभी की कीमत
मुंबई- ब्रोकरेज फर्म एमके ग्लोबल का कहना है कि एथर एनर्जी तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार का फायदा उठाने की अच्छी स्थिति में है। नई तकनीक, बढ़ती मांग और मजबूत उत्पादन क्षमता के चलते कंपनी आने वाले वर्षों में बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। ऐसे में एथर का शेयर (Ather Energy Stock) खरीदारी के लिए आकर्षक नजर आ रहा है।
ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म एमके का कहना है कि यह शेयर 1,000 रुपये तक जा सकता है। ऐसे में एथर एनर्जी के शेयर को खरीदना चाहिए। इस समय 728 रुपये पर कारोबार कर रहा है। यानी 38 पर्सेंट से ज्यादा का मुनाफा मिलने की उम्मीद है। बाजार में भारी उतार-चढ़ाव के बावजूद बीते 6 महीने में शेयर करीब 28 फीसदी उछल चुका है। एथर एनर्जी ने 790 रुपये पर 52 हफ्ते का हाई बनाया जबकि लो 287.30 रुपये है। इस तरह यह शेयर अपने निचले स्तर से करीब 150 फीसदी से ज्यादा की तेजी दिखा चुका है।
कंपनी प्रबंधन का कहना है कि भारत का इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर (E-2W) बाजार तेजी से बढ़ रहा है। दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच इस सेक्टर में 20–30% सालाना वृद्धि दर्ज की गई है। खासकर 1 लाख रुपये से ऊपर वाले सेगमेंट में ज्यादा मांग देखने को मिली है, जबकि 1 लाख रुपये से कम वाला सेगमेंट अब स्थिर होने लगा है। पेट्रोल (ICE) टू-व्हीलर की मांग बढ़ने के बावजूद इलेक्ट्रिक वाहनों की रफ्तार धीमी नहीं हुई है।
एथर का नया EL प्लेटफॉर्म कंपनी के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है। यह 1–1.3 लाख रुपये के सेगमेंट को टारगेट करता है। यह सेगमेंट बाजार का लगभग 50% हिस्सा है। इससे कंपनी का कुल बाजार (TAM), मुनाफा और मार्केट शेयर बढ़ेगा। इस प्लेटफॉर्म में लागत कम होगी, लेकिन क्वालिटी और सॉफ्टवेयर क्षमता बरकरार रहेगी। कंपनी का मानना है कि अगर पुराने प्रोडक्ट्स की बिक्री इस नए प्लेटफॉर्म से कम होती है, तो भी यह फायदेमंद रहेगा क्योंकि इसकी लागत कम और मार्जिन बेहतर है।

