नेशनल हाईवे पर अब यात्रा करना होगा महंगा, फास्टैग के सालाना पास का भाव बढ़ा

मुंबई- भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने FASTag के सालाना पास (Annual Pass) की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला किया है। नए वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत यानी 1 अप्रैल से यह पास महंगा होने जा रहा है।

NHAI के आदेश के मुताबिक, नॉन-कमर्शियल यानी निजी वाहनों के लिए सालाना पास की कीमत 3,000 रुपये से बढ़ाकर 3,075 रुपये कर दी गई है। यह नियम उन सभी प्राइवेट गाड़ियों पर लागू होगा जिनमें एक्टिव FASTag लगा हुआ है।

सरकार ने फास्टैग स्कीम की शुरुआत 15 अगस्त 2025 को की थी। इसका मकसद उन लोगों को राहत देना था जो बार-बार हाईवे का इस्तेमाल करते हैं। बार-बार टोल प्लाजा पर पैसे कटने की झंझट के बजाय, आप एक बार में फिक्स्ड सालाना फीस चुका सकते हैं। इस पास के जरिए आप एक साल में अधिकतम 200 बार टोल प्लाजा क्रॉस कर सकते हैं। यह पास या तो एक साल के लिए मान्य होता है या फिर 200 ट्रिप पूरे होने तक। अगर आप साल खत्म होने से पहले ही 200 चक्कर पूरे कर लेते हैं, तो आपका अकाउंट वापस नॉर्मल FASTag की तरह काम करने लगेगा।

NHAI के अनुसार, यह सुविधा देश भर के लगभग 1,150 टोल प्लाजा और नेशनल एक्सप्रेसवे पर उपलब्ध है। इसे खरीदना भी काफी आसान है। आप ‘राजमार्ग यात्रा’ (Rajmarg Yatra) मोबाइल ऐप या NHAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इसे ले सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *