इंडिगो की टिकटें महंगी, घरेलू उड़ानों पर ईंधन के लिए 425 रुपये ज्यादा देना होगा

मुंबई- इंडिगो की फ्लाइट से यात्रा 14 मार्च से महंगी होने जा रही है। एयरलाइन ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट टिकटों पर ₹425 से ₹2300 तक फ्यूल चार्ज लगाने का फैसला किया है। इसके बाद नई बुकिंग करने वाले यात्रियों को टिकट के साथ एक्सट्रा फ्यूल चार्ज देना होगा।

एयरलाइन का कहना है कि अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण जेट फ्यूल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है, इसलिए टिकटों पर सरचार्ज बढ़ाया गया है। इंडिगो ने यात्रियों पर पड़ने वाले बोझ को कम रखने के लिए अलग-अलग दूरी के हिसाब से चार्ज तय किया है।

कंपनी ने कहा कि पूरी बढ़ी हुई लागत को वसूलने के लिए किराए में बहुत बड़ी बढ़ोतरी की जरूरत थी, लेकिन ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए फिलहाल छोटा अमाउंट ही चार्ज किया जा रहा है। इंडिगो ने कहा कि वह स्थिति पर नजर बनाए रखेगी और जरूरत पड़ने पर इन चार्जेस में बदलाव किया जाएगा।

एअर इंडिया ने 12 मार्च से घरेलू फ्लाइट टिकटों पर 399 रुपए का फ्यूल सरचार्ज लगा रही है। वहीं, इंटरनेशनल फ्लाइट्स के किराए में करीब 15% की बढ़ोतरी की है। जेट फ्यूल के दाम लगातार बढ़ने से दुनियाभर की प्रमुख एयरलाइंस ने भी टिकटों के दाम बढ़ाए हैं। कई कंपनियां अपने विमानों को ग्राउंडेड करने का प्लान भी बना रही हैं।

28 फरवरी को शुरू हुई ईरान-इजराइल जंग और होर्मुज रूट प्रभावित होने के बाद से तेल की सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हुई है। इस वजह से ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 101 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *