भारत-न्यूजीलैंड के बीच 12 लाख रुपये तक के बिके टिकट, जीत से पैसा वसूल
मुंबई- भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का मुकाबला में जमकर महंगे टिकट बिके हैं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इस मैच को देखने के लिए भारी भीड़ जुटी थी। खचाखच भरे स्टेडियम में मैच देखने के टिकट का दाम चौंकाने वाला है। इसमें सबसे महंगे टिकट का मूल्य 12 लाख 10 हजार रुपये तक है। यह हॉस्पिटैलिटी कैटेगरी में आता है। इसके लिए स्टैंड ‘प्रेसिडेंशियल सुइट्स एल5’ है। सबसे सस्ता टिकट ‘ओनली सीट्स’ कैटेगरी में 27,500 रुपये का है। ये दाम जीएसटी सहित है।
फाइनल मुकाबले में टिकट के दाम स्टैंड और कैटेगरी पर निर्भर करते हैं। टिकट के दाम 27,500 रुपये से शुरू होकर 12.10 लाख रुपये तक हैं। सबसे सस्ता टिकट ओनली सीट्स कैटेगरी में के/एल/पी/क्यू/ अपर स्टैंड का है। वहीं, सबसे महंगा टिकट हॉस्पिटैलिटी कैटेगरी में प्रेसिडेंशियल सुइट्स एल5 का है। नीचे टेबल में सीटों के दाम दिए गए हैं।
टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले ही अहमदाबाद में होटल के कमरों का किराया 300- 400 फीसदी तक बढ़ गया था। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ गुजरात के प्रेसिडेंट नरेंद्र सोमानी ने बीते दिन बताया था कि इस महामुकाबले के लिए देश-विदेश से आने वाले क्रिकेट प्रेमियों के कारण रेट बढ़ गए। पहले जो रूम 5,000 से 20,000 रुपये में उपलब्ध थे, उनके रेट 300 से 400 फीसदी उछलकर 15,000 से 50,000 रुपये के बीच पहुंच गए। ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म्स पर भी प्रमुख होटल के किरायों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली।
अहमदाबाद के ज्यादातर रूट का एयर फेयर रविवार को रॉकेट हो गया। यात्रा की बढ़ती मांग के कारण भारतीय रेलवे ने अहमदाबाद के लिए स्पेशल ट्रेन शुरू की। मुंबई-अहमदाबाद का हवाई किराया आमतौर पर लगभग 3,000 रुपये होता है जो बढ़कर 15,000 से 17,000 रुपये हो गया। नई दिल्ली से अहमदाबाद की उड़ान का किराया लगभग 14,000 रुपये, जबकि बेंगलुरु-अहमदाबाद का किराया भी लगभग 13,000 रुपये हो गया।

