शहरी भारत में महिलाएं अब वित्तीय फैसलों से ज्यादा एक्टिव और आत्मनिर्भर हो रहीं
मुंबई- शहरी भारत में महिलाएं अब अपने वित्तीय फैसलों में पहले से कहीं ज्यादा एक्टिव और आत्मनिर्भर होती जा रही हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अब आधे से ज्यादा महिलाएं निवेश से जुड़े निर्णय खुद ले रही हैं। हालांकि निवेशकों में आत्मविश्वास तो बढ़ा है, लेकिन मजबूत और ठोस फाइनैंशियल प्लानिंग के मामले में अभी भी एक बड़ा अंतर बना हुआ है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, 2025 की चौथी तिमाही में किए गए इस सर्वेक्षण में देश के 13 शहरों के 5,050 लोगों को शामिल किया गया। सभी प्रतिभागी 25 से 60 वर्ष आयु वर्ग के थे और अपने परिवार के निवेश संबंधी फैसलों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। अध्ययन में पुरुष और महिलाओं की संख्या बराबर रखी गई और इसका फोकस मुख्य रूप से शहरी, अपेक्षाकृत उच्च सामाजिक-आर्थिक वर्ग के परिवारों पर रहा।
रिपोर्ट की सबसे प्रमुख बात यह है कि निवेश के फैसलों में महिलाओं की स्वतंत्र भागीदारी तेजी से बढ़ रही है। सर्वे के अनुसार अब 56 फीसदी महिलाएं निवेश से जुड़े फैसले खुद ले रही हैं, जबकि 2022 में यह आंकड़ा 44 फीसदी था। यानी महज तीन साल में इसमें 12 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, इसकी तुलना में 2025 में 68 फीसदी पुरुष भी निवेश के फैसले स्वतंत्र रूप से लेने की बात कहते हैं।
खुद सीखकर निवेश करने वाली महिलाओं की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है। अब करीब 16 फीसदी महिला निवेशकों का कहना है कि उन्होंने निवेश के बारे में स्वयं सीखा है, जो 2022 में 13 फीसदी था। वहीं निवेश के मामलों में संयुक्त रूप से फैसले लेने वाली महिलाओं का हिस्सा 52 फीसदी से घटकर 43 फीसदी रह गया है।
साथ ही महिलाएं अब बाजार से जुड़े निवेश उत्पादों (market-linked products) में भी ज्यादा एक्टिव हो रही हैं। लगभग 51 फीसदी महिलाएं अब म्युचुअल फंड और शेयरों में स्वतंत्र रूप से निवेश कर रही हैं, जबकि तीन साल पहले यह आंकड़ा 39 फीसदी था।
निवेश में भागीदारी और स्वतंत्रता बढ़ने के बावजूद रिपोर्ट यह भी दिखाती है कि निवेशकों के आत्मविश्वास और वित्तीय अनुशासन के बीच अभी भी बड़ा अंतर बना हुआ है। सर्वे के मुताबिक 84 फीसदी लोग मानते हैं कि वे निवेश के फैसले खुद लेने के लिए पर्याप्त आत्मविश्वास रखते हैं, लेकिन सिर्फ एक-तिहाई (33 फीसदी) ऐसे हैं जिनके पास एकदम साफ फाइनैंशियल प्लानिंग और उसे हासिल करने की ठोस योजना दोनों मौजूद हैं।

