पीएफ जमा पर नहीं मिलेगी ज्यादा ब्याज दर, सरकार ने 8.25 फीसदी ही तय किया
मुंबई- वित्त वर्ष 2025-26 के लिए भी पीएफ पर 8.25% की दर से ही ब्याज मिलता रहेगा। सरकार ने ब्याज दरों में कोई बढ़ोतरी या कटौती नहीं की है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज के इस फैसले पर अब वित्त मंत्रालय की मुहर लगेगी, जिसके बाद कर्मचारियों के खातों में पैसा क्रेडिट होगा।
आम तौर पर सीबीटी की घोषणा के कुछ महीनों बाद ब्याज की रकम खातों में जमा की जाती है। पिछले रिकॉर्ड को देखें तो यह पैसा हर साल जून से सितंबर के बीच क्रेडिट होता है। उदाहरण के लिए, वित्त वर्ष 2024-25 का ब्याज जुलाई 2025 में खातों में डाला गया था। हालांकि, इसकी कोई तय तारीख नहीं है।
ईपीएफओ का कहना है कि ब्याज क्रेडिट होने में देरी से मेंबर्स को कोई वित्तीय नुकसान नहीं होता है। नवंबर 2024 में बदले गए नियमों के मुताबिक, अब सेटलमेंट की तारीख तक का पूरा ब्याज दिया जाता है, जबकि पहले केवल पिछले महीने तक का ही ब्याज मिलता था।
बता दें कि 2020-21 में कोराना के दौरान पीएफ पर 8.50 फीसदी की दर से ब्याज मिलतता था। 2021-22 में यह घटकर 8.10 फीसदी पर आ गया। 2022-23 में मामूली बढ़कर 8.15 फीसदी पर पहुंच गया। 2023-24 में यह 8.25 फीसदी पर पहुंचा और तब से उसी दर पर स्थिर है।

