बाजार की अस्थिरता में स्पेशियलिटी केमिकल के शेयरों का एक माह में 20 फीसदी तक रिटर्न
नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजारों की भारी अस्थिरता के बीच स्पेशियलिटी केमिकल के शेयरों से बाजार को सहारा मिल रहा है। पिछले एक महीने में इन शेयरों ने 20 फीसदी तक रिटर्न दिया है। एसआरएफ के शेयर जहां 20 फीसदी बढ़कर 3,000 रुपये के पार पहुंच गए हैं, वहीं हिमाद्री स्पेशियलिटी का शेयर 13 फीसदी की तेजी के साथ 500 रुपये के करीब पहुंच गए हैं।
हिमाद्री स्पेशियलिटी ने शेयर बाजारों को मंगलवार की देर रात बताया कि वह सालाना 70 हजार टन कार्बन ब्लैक बनाने का संयंत्र स्थापित किया है। इससे देश की आयात पर निर्भरता में कमी आएगी। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में नया विनिर्माण संयंत्र स्थापित किया है। इस संयंत्र में सालाना 70,000 मीट्रिक टन स्पेशलिटी कार्बन ब्लैक लाइन का उत्पादन किया जाएगा। इस ब्राउनफील्ड विस्तार के सफल संचालन के साथ हिमाद्री की कुल कार्बन क्षमता बढ़कर 2,50,000 टन सालाना हो गई है। कंपनी के महिस्तिकरी संयंत्र में सालाना 1,30,000 टन कार्बन ब्लैक का उत्पादन होता है, जो दुनिया के सबसे बड़े संयंत्रों में शामिल है।
कंपनी के चेयरमैन और एमडी अनुराग चौधरी ने कहा, यह उपलब्धि हिमाद्री की रणनीतिक विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम है और वैश्विक विशिष्ट कार्बन ब्लैक बाजार में इसकी अग्रणी स्थिति को और मजबूत करती है। कार्बन ब्लैक का उपयोग प्लास्टिक, स्याही, पेंट, कोटिंग्स, टायर और अन्य विशिष्ट क्षेत्रों में किया जाता है।

