एपल भारत में शुरू करेगी गूगल और फोनपे की तरह पेमेंट सर्विस, यह है योजना
मुंबई- एपल इंक भारत में अपनी पेमेंट सेवा एप्पल पे शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए कंपनी देश के बड़े बैंकों और अंतरराष्ट्रीय कार्ड नेटवर्क के साथ बातचीत कर रही है।
एपल आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक से बातचीत कर रही है। कंपनी का लक्ष्य 2026 के मध्य तक भारत में एपल पे लॉन्च करना है। हालांकि लॉन्च की समयसीमा अभी तय नहीं है, लेकिन बातचीत से संकेत मिलते हैं कि तैयारी आगे बढ़ रही है। एपल मास्टरकार्ड और वीजा जैसे कार्ड नेटवर्क के साथ भी चर्चा कर रही है।
करीब 140 करोड़ की आबादी वाले भारत में एपल अपने कारोबार को बढ़ाने की कोशिश कर रही है। यहां तेजी से बढ़ता मीडिल क्लास कंपनी के लिए बड़ा अवसर है। भले ही सस्ते एंड्रॉयड फोन के कारण एप्पल की बाजार हिस्सेदारी अभी कम है, लेकिन भारत में उत्पादन और रिटेल स्टोर बढ़ाने से कंपनी की मौजूदगी मजबूत हुई है।
भारत में Apple Pay से यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानी यूपीआई को भी सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। यूपीआई सरकार समर्थित डिजिटल भुगतान प्रणाली है, जिससे लोग तुरंत पैसे भेज सकते हैं और बिल भर सकते हैं। भारत में डिजिटल भुगतान में यूपीआई की बड़ी हिस्सेदारी है।
सूत्रों के मुताबिक, यह सेवा 2026 के अंत तक भारत में शुरू हो सकती है। एपल पे पहले से ही दुनिया के 89 देशों में उपलब्ध है और अब कंपनी भारतीय बाजार में भी इसकी शुरुआत करने की योजना बना रही है। एप्पल पे को आईफोन, आईपैड, एप्पल वॉच, मैक और एप्पल विजन प्रो के जरिए आसान, सुरक्षित और निजी तरीके से भुगतान करने की सुविधा माना जाता है।

